कोलकाता के बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगन में एक फरवरी को ‘मटेसिया’ प्रदर्शनी और ‘सर्फेसेज रिपोर्टर’ आर्किटेक्चर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस विशेष अवसर पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता और प्रेरक वक्ता आशीष विद्यार्थी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने निर्माण और इंटीरियर डिजाइन उद्योग के “शांत योगदान” की सराहना करते हुए कहा कि ये निर्माता और शिल्पकार बिना किसी प्रचार के हमारे शहरों और घरों के भविष्य को आकार देते हैं, जो वास्तव में प्रगति की पहचान है।
सर्फेसेज रिपोर्टर की निदेशक वर्तिका द्विवेदी ने जोर देकर कहा कि स्थानीय डिजाइनर जलवायु और संस्कृति को बाधा नहीं, बल्कि अपनी रचनात्मकता का स्रोत मानते हैं, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर एक नई कहानी की शुरुआत हो रही है। मटेसिया प्रदर्शनी के निदेशक प्रगत द्विवेदी ने बताया कि तेजी से बढ़ते शहरी बुनियादी ढांचे और जागरूक पेशेवरों के कारण भारत का पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र भविष्य में भवन निर्माण सामग्री (बिल्डिंग मैटेरियल) के बाजार का नेतृत्व करेगा। यह आयोजन न केवल नए उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच है, बल्कि अगली पीढ़ी के डिजाइन पेशेवरों के लिए एक सशक्त माध्यम भी बनकर उभरा है।
