जलपाईगुड़ी: रात के अंधेरे में नेशनल हाईवे पर आए दो हाथी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

डुआर्स के लाटागुड़ी जंगल के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर रात के अंधेरे में दो हाथियों को टहलते हुए देखा गया। सड़क के बीचों-बीच हाथियों की मौजूदगी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात लाटागुड़ी जंगल के महाकाल धाम के पास की है।चालसा निवासी रेनू रॉय मंगलवार रात अपने परिवार के साथ जलपाईगुड़ी से घर लौट रही थीं।

जब उनकी कार महाकाल धाम के पास पहुँची, तो हेडलाइट की रोशनी में उन्हें सड़क पर दो विशालकाय हाथी दिखाई दिए.  हाथियों को सामने देख कार चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी। इस दौरान रेनू रॉय ने अपनी कार के भीतर से ही मोबाइल पर हाथियों का वीडियो बना लिया। लगभग 15 मिनट तक सड़क पर रहने के बाद दोनों हाथी वापस जंगल की ओर चले गए, जिसके बाद यात्रियों ने अपनी यात्रा फिर से शुरू की।

उल्लेखनीय है कि जंगल के बीच से गुजरने वाली इस सड़क पर हाथियों का आवागमन अक्सर होता रहता है। वन विभाग ने पहले ही निर्देश जारी कर रखा है कि दिन हो या रात, इस मार्ग पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए ताकि वन्यजीवों और यात्रियों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

By Sonakshi Sarkar