कोटक महिंद्रा प्राइम लिमिटेड की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहक अब अधिक मूल्य और बेहतर सुविधाओं वाले वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। पिछली पीढ़ियों की तुलना में आज के युवा अपनी पहली कार की खरीद पर लगभग दोगुना खर्च कर रहे हैं।
कंपनी के मुताबिक, 25 से 35 वर्ष के बीच के युवा खरीदार अब 5 लाख से 8 लाख रुपये की कीमत वाले वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जबकि एक दशक पहले एंट्री-लेवल कारों के लिए यह दायरा आम तौर पर 1.5 लाख से 2.5 लाख रुपये हुआ करता था। कई युवा खरीदार अपने बजट को थोड़ा बढ़ाकर कॉम्पैक्ट एसयूवी, आधुनिक फीचर्स वाले वेरिएंट्स और मिड-सेगमेंट मॉडल्स को चुन रहे हैं।
कोटक महिंद्रा प्राइम के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूरज राजप्पन ने बताया कि पहली कार की श्रेणी में बड़ा बदलाव आया है। युवा खरीदार अब केवल सबसे सस्ती कार चुनने के बजाय सुरक्षा, आराम, आधुनिक तकनीक, रीसेल वैल्यू और आसान ईएमआई के जरिए किफायती भुगतान को प्राथमिकता दे रहे हैं।
इस बदलाव को बाजार में फीचर्स से भरपूर नई गाड़ियों के आगमन, संगठित प्री-ओन्ड कार प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते विस्तार और आकर्षक फाइनेंसिंग विकल्पों से मजबूती मिली है। पेशेवर जांच, वारंटी और पारदर्शी मूल्य निर्धारण ने पुरानी गाड़ियों के प्रति भी युवाओं का विश्वास बढ़ाया है |
कोटक प्राइम के अनुसार, पहली कार के लिए लिए जाने वाले लोन का आकार लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही युवा ग्राहक 5 से 7 साल तक की लंबी लोन अवधि को आसानी से स्वीकार कर रहे हैं और कर्ज चुकाने के मामले में भी उनका व्यवहार काफी अनुशासित देखने को मिल रहा है। यह नया रुझान भारतीय युवाओं की बढ़ती आकांक्षाओं, शहरी आवागमन की जरूरतों और पारिवारिक आय में सुधार को दर्शाता है, जहां पहली कार अब केवल आने-जाने का साधन न रहकर एक लाइफस्टाइल निवेश बन चुकी है।
