भारत सरकार के माननीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयन्त चौधरी ने आज फिनलैंड सरकार के माननीय रोजगार मंत्री श्री मटियास मार्टिनेन के साथ एक द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और वर्कफोर्स मोबिलिटी के क्षेत्रों में भारत और फिनलैंड के बीच सहयोग को मजबूत करने के नए रास्तों को बढ़ावा देना था। इस बैठक में दोनों देशों के बीच मज़बूत और भविष्य के लिए तैयार टैलेंट इकोसिस्टम बनाने में बढ़ती सहमति दिखाई दी। दोनों मंत्रियों ने व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ाने और कुशल वर्कफ़ोर्स की मोबिलिटी के लिए पाथवे बनाने हेतु संस्थानों, उद्योगों और प्रशिक्षण प्रणालियों के बीच सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर भी चर्चा की।
भारत सरकार के माननीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयन्त चौधरी ने कहा “माननीय प्रधानमंत्री के विज़न के तहत, भारत दुनिया की ग्लोबल स्किल कैपिटल बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। सबसे युवा और सबसे डायनामिक वर्कफ़ोर्स में से एक के साथ, तेज़ी से बढ़ते स्किलिंग इकोसिस्टम द्वारा समर्थित, भारत वैश्विक उद्योगों में कुशल टैलेंट का योगदान करने के लिए सबसे मजबूत स्थिति में है। भारत की जनसांख्यिकीय ताकत और फिनलैंड की तकनीकी और व्यावसायिक उत्कृष्टता कौशल के क्षेत्र में एक विशेष साझेदारी बनाती है। हमारी चर्चा प्रशिक्षण इकोसिस्टम के बीच प्रैक्टिकल ब्रिज के निर्माण, संस्थागत सहयोग को मजबूत करने और प्रशिक्षण और मोबिलिटी के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए कुशल युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों तक पहुंचने के पाथवे बनाने पर केंद्रित थी।”
फिनलैंड सरकार के माननीय रोजगार मंत्री श्री मटियास मार्टिनेन ने कहा ““फिनलैंड व्यावसायिक शिक्षा और वर्कफोर्स विकास के क्षेत्र में भारत के साथ अपनी बढ़ती साझेदारी को महत्व देता है। हम अत्यधिक कुशल भारतीय प्रोफेशनल्स के योगदान की सराहना करते हैं जो विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए हमारे वर्कफोर्स को मज़बूत कर रहे हैं। भारत का मज़बूत स्किलिंग इकोसिस्टम और इसका युवा टैलेंट आगे सहयोग के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। हमारे संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग को मज़बूत करके, हम इनोवेशन, कौशल विकास और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देते हुए वर्कफोर्स की चुनौतियों का समाधान कर सकते हैं।” इस चर्चा में भारत के बढ़ते स्किलिंग इकोसिस्टम और फिनलैंड के विकसित श्रम बाजार की ज़रूरतों, विशेष रूप से हेल्थकेयर, कंस्ट्रक्शन, ग्रीन टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों के बीच महत्वपूर्ण समानताओं को मान्यता दी गई। दोनों पक्षों ने स्ट्रक्चर्ड और आपसी लाभ वाले मोबिलिटी फ्रेमवर्क के महत्व पर ज़ोर दिया जो कुशल प्रोफेशनल्स को प्रशिक्षण, सर्टिफ़िकेशन और वर्कर वेलफेयर के उच्च मानकों को सुनिश्चित करते हुए वैश्विक अवसरों तक पहुँचने में सक्षम बनाता है। बातचीत के दौरान, दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी को मज़बूत करने, नॉलेज एक्सचेंज को बढ़ावा देने और उद्योगों के नेतृत्व वाली कौशल विकास पहलों को बढ़ावा देने के महत्व पर भी ध्यान दिया। उन्होंने प्रशिक्षण क्षमता निर्माण, अंतर्राष्ट्रीय मोबिलिटी का सहयोग करने के लिए भाषा प्रशिक्षण का एकीकरण और ऐसे पाथवे के विकास जैसे क्षेत्रों पर भी विचार-विमर्श किया, जो शिक्षार्थियों को शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण को जोड़ने में मदद करें।
