दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या का ससुरालियों पर आरोप

317

दहेज नहीं मिलने पर विवाहिता की हत्या का आरोप उसके पति सहित ससुरालियों पर लगा है। घटना मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के रथबाड़ी ग्राम पंचायत के आइलपाड़ा इलाके की है। शुक्रवार सुबह विवाहिता का शव आइलपाड़ा के एक आम बागान के पास तालाब के किनारे से बरामद किया गया।
पुलिस व स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतका का नाम यासमीन बीबी (25) था। तीन साल पहले उसकी शादी बागीचा पाड़ा के रहने वाले मुकशेद शेख के साथ हुई थी। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी भी है।

आरोप है कि शादी के बाद से ही यासमीन पर उसके पति और ससुराल वाले दहेज के उस पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार करते थे। उनका अत्याचार बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण वह कुछ माह पहले अपने मायके चली गई। गुरुवार को यासमीन को फोन कर उसके पति ने उसे बुलाया। इसके बाद शुक्रवार सुबह यासमीन का शव बरामद किया गया। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।