आईबीएम ने लखनऊ में शुरू किया एआई गवर्नमेंट टेक्नोलॉजी इनोवेशन सेंटर

आईबीएम ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘एआई गवर्नमेंट टेक्नोलॉजी इनोवेशन सेंटर’ का भव्य उद्घाटन किया है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य आधुनिक शासन प्रणाली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समाहित कर प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाना है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस केंद्र का उद्घाटन किया, जहाँ आईबीएम के अरविंद कृष्णा, संदीप पटेल और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह केंद्र एक ऐसे साझा मंच के रूप में कार्य करेगा जहाँ भरोसेमंद एआई समाधानों को विकसित करने के साथ-साथ उनका परीक्षण और बड़े पैमाने पर क्रियान्वयन किया जाएगा।

इस ऐतिहासिक अवसर पर आईबीएम और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच २ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए, ताकि राज्य के दीर्घकालीन विकास लक्ष्यों को एआई-आधारित प्रशासन से जोड़ा जा सके। अरविंद कृष्णा ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा कि एआई न केवल सरकारी कार्यक्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि आर्थिक प्रतिस्पर्धा को भी एक नई दिशा प्रदान करेगा। यह नवाचार केंद्र आने वाले समय में तकनीक और सुशासन के बीच की दूरी को कम कर नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

By rohan