दक्षिण बंगाल और कोलकाता में भारी बारिश की चेतावनी जारी

35

अगले 24 घंटों के दौरान कोलकाता में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। शनिवार सुबह 6:30 बजे तक दर्ज अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। आर्द्रता का स्तर 91 फीसदी से 54 फीसदी के बीच रहा। पिछले 24 घंटों में बारिश नहीं हुई है।

मौसम विभाग ने नौ सितंबर से दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके पीछे उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का कारण बताया जा रहा है, जो उत्तर की ओर बढ़कर एक गहरे निम्न दबाव में परिवर्तित हो सकता है। इसका सीधा असर गंगा तटवर्ती पश्चिम बंगाल और इसके आस-पास के क्षेत्रों पर पड़ने की संभावना है।

विशेष रूप से, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में नौ और 10 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को आठ से 10 सितंबर के बीच पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के पास समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान समुद्र में तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिसकी गति 40-50 किमी प्रति घंटा रह सकती है और यह 60 किमी प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। मौसम की इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।