बालों में जुएं होने की समस्या को अक्सर लोग सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। खासकर बच्चों के सिर में जुएं होने पर इसे सिर्फ खुजली की परेशानी मान लिया जाता है। हालांकि, एक्सपर्ट्स के मुताबिक लंबे समय तक सिर में जुएं रहने से सिर्फ स्कैल्प में खुजली ही नहीं होती, बल्कि इसका असर सेहत पर भी पड़ सकता है। ऐसे में समय रहते सिर से जुएं को निकालना जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं कि सिर में जुएं होने से सेहत को किस तरह नुकसान पहुंच सकता है।
सिर में जुएं होना एक आम समस्या है। जुएं बेहद छोटे परजीवी कीड़े होते हैं, जो सिर की त्वचा से चिपके रहते हैं और खून चूसकर जीवित रहते हैं। ये एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक सीधे सिर के संपर्क के जरिए फैल सकती हैं। इसके अलावा कंघी, तौलिया और हेयर एक्सेसरीज जैसी चीजें साझा करने से भी जुएं फैलने का खतरा रहता है। बच्चों में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है, क्योंकि स्कूल और खेलकूद के दौरान उनका दूसरे बच्चों से ज्यादा संपर्क होता है।
जुएं होने पर सिर में तेज खुजली सबसे आम लक्षणों में से एक है। यह खुजली जूं के काटने और उसकी लार के प्रति शरीर में होने वाली एलर्जी के कारण होती है। कुछ लोगों में खुजली इतनी ज्यादा हो सकती है कि वे बार-बार सिर खुजलाने के कारण स्कैल्प पर घाव तक कर लेते हैं।
लगातार सिर खुजलाने से स्कैल्प की त्वचा छिल सकती है और वहां से बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। इससे स्कैल्प में इंफेक्शन, सूजन, लालिमा, पस और घाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में डॉक्टर जरूरत के अनुसार एंटीबायोटिक दवाओं की सलाह भी दे सकते हैं।
बड़ों की तुलना में बच्चों में जुएं की समस्या अधिक देखने को मिलती है। सिर में खुजली होने पर बच्चे बार-बार अपना सिर खुजलाते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक लगातार खुजली की वजह से बच्चे रात में ठीक से सो नहीं पाते हैं, जिसका असर उनकी नींद और पढ़ाई पर पड़ सकता है। इसके अलावा, बार-बार खुजली होने से बच्चों को पढ़ाई या किसी काम पर ध्यान केंद्रित करने में परेशानी हो सकती है और वे चिड़चिड़े भी हो सकते हैं।
कई बार बच्चे जुएं की समस्या के कारण सामाजिक रूप से असहज भी महसूस कर सकते हैं। हालांकि, जुएं की वजह से आमतौर पर कोई गंभीर बीमारी नहीं होती है, लेकिन इसे पूरी तरह नजरअंदाज करना भी सही नहीं है। जुएं लगातार खुजली, स्कैल्प इंफेक्शन और नींद से जुड़ी परेशानियों का कारण बन सकती हैं। इसलिए समय रहते इसका इलाज और जुओं को हटाना जरूरी है।
