अर्थशॉट प्राइज 2026 में मुंबई आएंगे वैश्विक सितारे, प्राइम वीडियो पर दुनियाभर में होगा प्रसारण

क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट, अभिनेता रामी मालेक, सोनम कपूर और सिमोन एश्ले तथा गायिका श्रेया घोषाल 17 नवंबर को मुंबई में आयोजित होने वाली ‘द अर्थशॉट प्राइज 2026’ अवॉर्ड्स नाइट में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी फिल्म निर्माता करण जौहर करेंगे। वहीं, प्राइम वीडियो को इस प्रतिष्ठित समारोह का विशेष वैश्विक स्ट्रीमिंग पार्टनर घोषित किया गया है।

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रायोजन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पर्यावरण के क्षेत्र में नेतृत्व और उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए 5,000 विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। समारोह का प्रसारण 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में 40 से ज्यादा भाषाओं में किया जाएगा। यह पहली बार होगा, जब द अर्थशॉट प्राइज का वैश्विक प्रसारण प्राइम वीडियो के माध्यम से किया जाएगा।

प्रिंस विलियम द्वारा 2020 में स्थापित द अर्थशॉट प्राइज उन वैज्ञानिकों, उद्यमियों, सामुदायिक बदलावकर्ताओं, आदिवासी नेताओं और युवा नवोन्मेषकों को सम्मानित करता है, जो पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए काम कर रहे हैं। अर्थशॉट एंबेसडर रॉबर्ट इरविन और नॉमजामो मबाथा भी इस समारोह में शामिल होंगे। वहीं, श्रेया घोषाल लाइव प्रस्तुति देंगी।

वर्ष 2026 के संस्करण में जलवायु और पर्यावरण से जुड़े समाधान विकसित करने वाले 15 फाइनलिस्ट शामिल हैं। पांच श्रेणियों में पांच विजेताओं की घोषणा की जाएगी। इनमें प्रकृति के पुनर्स्थापन, स्वच्छ हवा, समुद्री संरक्षण, कचरा कम करने और जलवायु कार्रवाई से जुड़ी श्रेणियां शामिल हैं। प्रत्येक विजेता को अपने समाधान को आगे बढ़ाने या बड़े स्तर पर लागू करने के लिए 10 लाख पाउंड की राशि प्रदान की जाएगी।

करण जौहर ने कहा कि मुंबई में इन पुरस्कारों की मेजबानी करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह समारोह ऐसे नवोन्मेषकों और बदलावकर्ताओं का जश्न मनाएगा, जो टिकाऊ भविष्य की दिशा में काम कर रहे हैं।

अमेजन की मुख्य स्थिरता अधिकारी कारा हर्स्ट ने कहा कि कंपनी इस पहल का समर्थन करने और फाइनलिस्ट की उपलब्धियों को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर गर्व महसूस कर रही है। आयोजकों के अनुसार, आने वाले हफ्तों में समारोह में शामिल होने वाले अन्य सितारों के नामों की भी घोषणा की जाएगी।

By Business Bureau