सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाने की पुलिस ने सिलीगुड़ी के तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस में छापेमारी कर चार लोगों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के कब्जे से लगभग 40 किलोग्राम गांजा से भरे चार स्कूल बैग बरामद किए गए।
गिरफ्तार किये गये आरोपी कूचबिहार जिले के शीतलकूची के रहने वाले हैं। आरोपी कूचबिहार के शीतलकुची से गांजा सिलीगुड़ी लेकर आए थे। चारों कल रात करीब 10 बजे सिलीगुड़ी के जंक्शन बस टर्मिनस पर दक्षिण बंगाल जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे।
सिलीगुड़ी प्रधान नगर पुलिस स्टेशन के पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम दीपचंद बर्मन, अजीजुल रहमान, दुर्योधन नम दास और संजय दास है। गिरफ्तार आरोपियों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।