माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी में चुनावी शंखनाद: पत्थरघाटा काली मंदिर में पूजा के बाद भाजपा प्रत्याशी आनंदमय बर्मन का जनसंपर्क

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने एक भव्य चुनावी अभियान की शुरुआत की। आनंदमय बर्मन ने सुबह-सुबह माटीगाड़ा ब्लॉक के पत्थरघाटा इलाके में स्थित प्रसिद्ध माँ काली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर में जीत का आशीर्वाद लिया और स्थानीय पुरोहितों व बुजुर्गों का अभिवादन किया। 

मंदिर में दर्शन के बाद, वे सीधे लालपुल इलाके पहुंचे। यहाँ उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ पैदल मार्च किया और घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। लालपुल में प्रचार के दौरान स्थानीय निवासियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।मीडिया से बात करते हुए आनंदमय बर्मन ने कहा, “जनता का समर्थन हमारे साथ है।

पत्थरघाटा और लालपुल की जनता इस बार विकास और परिवर्तन के लिए मतदान करेगी। हम माँ काली का आशीर्वाद लेकर मैदान में उतरे हैं और जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं।”माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी सीट पर भाजपा की इस सक्रियता ने चुनावी मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।

By Sonakshi Sarkar