“सुंदरबन के विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी” – रेखा पात्राहिंजलगंज

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हिंजलगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा ने आज अपने चुनावी अभियान को नई धार दी। उन्होंने क्षेत्र के दुलदुलि इलाके में चुनावी जनसंपर्क किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।रेखा पात्रा ने सबसे पहले दुलदुलि इलाके में भाजपा के नए चुनावी कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके पश्चात, उन्होंने ‘डोर-टू-डोर’ (घर-घर जाकर) अभियान शुरू किया, जहाँ उन्होंने स्थानीय निवासियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके सुख-दुख साझा किए।

जनसंपर्क के दौरान रेखा पात्रा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सुंदरबन के लोगों के साथ केवल “धोखाधड़ी” की है। प्रचार के दौरान उन्होंने कहा  भाजपा की सरकार आने पर इलाके में पर्याप्त और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय युवाओं के लिए क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। प्रशासनिक स्तर पर जारी भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।

रेखा पात्रा ने जोर देकर कहा कि सुंदरबन जैसे भौगोलिक रूप से कठिन क्षेत्र का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब राज्य में भी भाजपा की “डबल इंजन सरकार” बने। उन्होंने कहा, “टीएमसी ने लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा है, लेकिन भाजपा हर कदम पर आम आदमी के साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी।” रेखा पात्रा के इस सघन प्रचार अभियान के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

By Sonakshi Sarkar