बीएसएफ की शस्त्र प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, अत्याधुनिक हथियारों को देख रोमांचित हुए छात्र और स्थानीय लोग 

सीमा सुरक्षा बल (BSF) की शक्ति और शौर्य से रूबरू होने के लिए आज जलपाईगुड़ी शहर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। शनिवार को जलपाईगुड़ी के एबीपीसी (ABPC) मैदान में बीएसएफ की ओर से एक भव्य शस्त्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जहाँ देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात अत्याधुनिक हथियारों को प्रदर्शित किया गया।बीएसएफ के जलपाईगुड़ी हेडक्वार्टर के अधिकारियों के मार्गदर्शन में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को सेना और सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली और उनकी ताकत से परिचित कराना था।इस प्रदर्शनी को देखने के लिए स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं पहुँचे। मैदान में सजे विभिन्न प्रकार के राइफल्स, मशीन गन, मोर्टार और अन्य अत्याधुनिक युद्ध उपकरणों को देखकर छात्र काफी रोमांचित नजर आए। जवानों ने छात्रों को हथियारों की मारक क्षमता और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष ही बीएसएफ ने अपना हीरक जयंती (Diamond Jubilee) स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज के आयोजन में भारतीय सीमा सुरक्षा बल के विशाल शस्त्रागार को आम जनता के लिए पेश किया गया। प्रदर्शनी देखने आए एक छात्र ने कहा, “टीवी पर जिन हथियारों को देखते थे, आज उन्हें करीब से देखने और उनके बारे में जानने का मौका मिला। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है।”

By Sonakshi Sarkar