कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं मुख्यमंत्री – दिलीप घोष

85

बेलडांगा में बम-बंदूक का जमा किया जाना, जिला अध्यक्ष पर योजनाबद्घ हमला होना। मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं हैं, राज्यपाल कोशिश कर रहे हैं, तृणमूल पूरे राज्य में आतंक फैलाने की कोशिश कर रही है, आये दिन भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर हमले हो रहे हैं। गुरुवार को जलपाईगुड़ी में चुनाव प्रचार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने ऐसा कहा। उन्होंने कहा कि जलपाईगुड़ी जिला अध्यक्ष बापी गोस्वामी को कल गोली मार दी गयी, वे बाल-बाल बच गये। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जलपाईगुड़ी के बेलाकोबा में भाजपा के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने धूंआधार प्रचार चलाया। उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों के साथ इलाके में आयोजित रैली में भी हिस्सा लिया। दिलीप घोष ने बेलाकोबा के पनटंकी मोड़ से बटतला तक रैली का नेतृत्व किया। प्रत्याशियों के साथ सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता भी जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान जलपाईगुड़ी के भाजपा सांसद जयंत कुमार रॉय और अन्यों ने भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ कदम मिलाया।