भारत-बांग्लादेश सीमा पर बांग्लादेशी घुसपैठिया गिरफ्तार, बीएसएफ ने पुलिस के हवाले किया

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता बरतते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना हबीबपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को हबीबपुर थाने के अंतर्गत केदारीपाड़ा सीमा क्षेत्र में बीएसएफ जवानों ने एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा।

जब उससे पूछताछ की गई और वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी पहचान पत्र दिखाने में विफल रहा।बीएसएफ ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद, शुक्रवार दोपहर को आरोपी को हबीबपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति का नाम प्रदीप बाला (39) है। वह बांग्लादेश के मकसूदपुर थाना के अंतर्गत उजानी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध घुसपैठ (Foreigners Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शनिवार को आरोपी प्रदीप बाला को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी का भारत आने का मुख्य उद्देश्य क्या था और क्या उसके तार किसी सीमा पार तस्करी गिरोह से जुड़े हैं। चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की अवैध घुसपैठ या तस्करी को रोका जा सके।

By Sonakshi Sarkar