भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब, उत्तर बंगाल में बदलाव की हुंकारसिलीगुड़ी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ आज सिलीगुड़ी पहुंची। उत्तर बंगाल के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले सिलीगुड़ी में इस यात्रा के जरिए भाजपा ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया और आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया।जब ‘परिवर्तन रथ’ सिलीगुड़ी की सड़कों से गुजरा, तो कार्यकर्ताओं ने फूलों और नारों के साथ इसका स्वागत किया। यात्रा में भारी संख्या में समर्थक शामिल हुए।

इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और उत्तर बंगाल के अन्य सांसद व वरिष्ठ नेता कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सिलीगुड़ी में ‘चाय पे चर्चा’ के माध्यम से आम जनता और चाय बागान श्रमिकों से सीधा संवाद भी किया।  भाजपा नेताओं ने उत्तर बंगाल के विकास, रोजगार और चाय श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने उत्तर बंगाल की उपेक्षा की है।  ‘बदलाव चाहिए, भाजपा सरकार चाहिए’ के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में पदयात्रा की।  

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने इस यात्रा को ‘चुनावी नाटक’ करार दिया है। वहीं, भाजपा का दावा है कि सिलीगुड़ी और आसपास की सीटों पर इस बार विपक्षी दलों का सफाया तय है। यह 5000 किलोमीटर लंबी परिवर्तन यात्रा आगामी 14 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली के साथ संपन्न होगी। सिलीगुड़ी से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के कोलकाता जाने की तैयारी है।

By Sonakshi Sarkar