भाजपा पार्षदों ने सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर को शहर की कई समस्याओं और अवैध निर्माण के आरोपों को लेकर आज ज्ञापन सौंपा। शनिवार को नगर निगम के विपक्षी नेता अमित जैन के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। उनके साथ पार्षद अनीता महतो, विवेक सिंह और अन्य भाजपा पार्षद मौजूद थे। भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में अवैध निर्माण हो रहे है। अनधिकृत बिल्डिंग प्लान दिए जा रहे है।
रेस्टोरेंट में लोगों को घटिया गुणवत्ता वाले भोजन मिल रहे है आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। लेकिन नगर निगम प्रशासन मूकदर्शक की भूमिका निभा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भाजपा पार्षदों ने सिलीगुड़ी नगर निगम बोर्ड की बैठक का बहिष्कार किया था। बैठक का बहिष्कार करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए नगर निगम बोर्ड की कार्यप्रणाली और निर्णय लेने की प्रक्रिया पर कड़ा रोष जताया।
शनिवार को कमिश्नर को ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए अमित जैन ने कहा, “कमिश्नर खुद संदेह में हैं। वे हमारे सवालों का कोई अच्छा जवाब नहीं दे सके। अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो हम बड़े आंदोलन की राह पर चलने को मजबूर होंगे।” भाजपा पार्षदों ने शहर की नागरिक सेवाओं में प्रशासन से अधिक सक्रिय हस्तक्षेप, नियोजन में पारदर्शिता और अवैध निर्माण की रोकथाम की मांग की है।