पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के पहले दिन आज कोलकाता की सड़कों पर भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। नंदीग्राम के साथ-साथ इस बार भवानीपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे भाजपा के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व दक्षिण कोलकाता के हजरा मोड़ से एक विशाल रोड शो की शुरुआत हुई। फूलों से सजे ट्रक पर अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे। रास्ते भर समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ और ‘आर नोय अन्याये’ के नारों से आसमान गुंजा दिया।
यह रोड शो गोपालनगर रोड होते हुए अलीपुर स्थित सर्वे बिल्डिंग (नामांकन केंद्र) पहुंचा।अमित शाह की मौजूदगी ने इस मुकाबले को बेहद हाई-प्रोफाइल बना दिया है। नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए अमित शाह ने कहा: “बंगाल की जनता भ्रष्टाचार, तोलाबाजी और घुसपैठ से त्रस्त हो चुकी है। इस बार भवानीपुर से ही परिवर्तन की शुरुआत होगी।” “हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ बनाने के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में हैं।”नामांकन दाखिल करने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि भवानीपुर अब किसी का “अभेद्य किला” नहीं रहा।
उन्होंने स्थानीय मुद्दों और विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। केंद्रीय गृह मंत्री के प्रवास और रोड शो को देखते हुए कोलकाता पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। पूरे रूट पर ड्रोन से निगरानी रखी गई और नामांकन केंद्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रही।
