झारखंड में भीषण गर्मी से तप रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मानसून ने आखिरकार झारखंड की दहलीज पर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। पिछले कई दिनों से राज्य में सूरज आग बरसा रहा था, जिससे दोपहर में बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। लेकिन अब बारिश की फुहारों ने मौसम को सुहाना कर दिया है।
बीते रविवार को गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, लातेहार, कोडरमा और गिरिडीह समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। इस बारिश ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत दी और तापमान में भी कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज झारखंड के कई हिस्सों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में येलो अलर्ट है। इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं, बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं, रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात का खतरा है।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और तेज आंधी व वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। किसानों को भी अपने खेतों और फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।