26 के चुनाव से पहले सरगर्मी तेज, वार्ड नंबर 17 में गौतम देव के समर्थन में शुरू हुआ दीवार लेखन 

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर और कद्दावर तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता गौतम देव के समर्थन में प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में आज वार्ड नंबर 17 के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर दीवार लेखन (Wall Writing) का कार्य शुरू किया गया।

स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं ने वार्ड की प्रमुख दीवारों पर पार्टी के चुनाव चिन्ह और गौतम देव के पक्ष में नारे लिखकर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विकास कार्यों और मेयर गौतम देव की सक्रियता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं।वार्ड नंबर 17 में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही दीवार पेंट करने का काम शुरू किया। दीवारों पर “दीदी और गौतम देव” के नेतृत्व में सिलीगुड़ी के विकास की गाथा लिखी जा रही है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार टीएमसी सिलीगुड़ी के हर वार्ड में अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए तकनीक के साथ-साथ पारंपरिक प्रचार (जैसे दीवार लेखन) पर भी ध्यान दे रही है।गौतम देव, जो पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वे इस बार अपनी ‘जन्मभूमि’ सिलीगुड़ी से चुनाव लड़ना चाहते हैं, उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। विपक्षी दलों ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में सिलीगुड़ी का राजनीतिक तापमान और बढ़ना तय है।

By Sonakshi Sarkar