शराब घोटाले में IAS विनय चौबे को ACB ने किया गिरफ्तार

झारखंड में हुए शराब घोटाले में आरोपित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे और उत्पाद विभाग के संयुक्त आयुक्त गजेन्द्र सिंह को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को एसीबी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार सिंह की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। अगली सुनवाई अब 03 जून को होगी। विनय चौबे और गजेन्द्र सिंह से एसीबी के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पहले एसीबी ने करीब छह घंटे तक दोनों अधिकारियों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को एसीबी के कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट में पेशी से पहले दोनों की मेडिकल जांच भी करायी गयी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा में प्राथमिकी दर्ज की जाने के बाद झारखंड एसीबी ने राज्य में कथित शराब घोटाले के सिलसिले में सरकार की अनुमति के बाद प्रीलिमिनरी एनक्वायरी (पीई) दर्ज की थी। प्रारम्भिक जांच के बाद एसीबी ने सरकार से अनुमति लेकर शराब घोटाले के सिलसिले में नियमित प्राथमिकी दर्ज की है।

विनय चौबे उत्पाद विभाग के तत्कालीन सचिव हैं। उनके ही कार्यकाल में कथित तौर पर शराब घोटाला हुआ था। पूरा मामला झारखंड में 31 मार्च 2022 से लागू नयी उत्पाद नीति से सम्बन्धित है। आरोप है कि इसके लिए जनवरी 2022 में झारखंड में उत्पाद नीति को बदलने के लिए छत्तीसगढ़ के अधिकारियों के साथ तत्कालीन उत्पाद सचिव और अन्य अधिकारियों ने योजना बनायी और रायपुर में बैठक की थी। यह भी आरोप है कि उत्पाद नीति लागू होने के बाद दो वर्षों तक झारखंड उत्पाद नीति में छत्तीसगढ़ की एजेंसियां कार्यरत रहीं। नकली होलोग्राम, अवैध शराब की सप्लाई कर झारखंड सरकार को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचायी गयी।

By Piyali Poddar