पुलिस को लक्ष्य कर चलाई गई गोली से एक युवक की मौत, एक तस्कर गिरफ्तार

301

ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे तस्करों पकड़ने के दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस को लक्ष्य कर चलायी गई गोली से एक युवक जख्मी हो गया। उसके पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी है। शुक्रवार रात गंभीर हालत में उसे मालदा मेडिकल कॉलेज व हास्पिटल में भर्ती कराया गया। लेकिन शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि एक फरार हो गया। घटना मालदा के कालियाचक के बालियाडांगा इलाके की है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम राजीव शेख (27) था। शुक्रवार शाम को गुप्त सूचना के आधार पर कालियाचक के बालियाडांगा इलाके में पुलिस ने दोनों ब्राउन तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जानकारी के अनुसार ही पुलिस ने आसमाउल और शहाबुद्दीन शेख नामक दो तस्करों को ब्राउन शुगर की तस्करी करते समय घेर लिया। आरोप है कि इसी दौरान आसमाउल शेख ने पुलिस को लक्ष्य कर‌ गोली चला दी लेकिन गोली पुलिस को नहीं लग कर वहां मौजूद एक युवक को लग गई। उसे तुरंत मालदा मेडिकल कॉलेज व हास्पिटल पहुंचाया गया जहां शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई। इधर पुलिस ने 400 ग्राम ब्राउन शुगर और एक सेवेन एम एम की पिस्तौल के साथ आसमाउल शेख को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस को चकमा देकर शहाबुद्दीन शेख फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।