7 रन की रोमांचक जीत! सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचा भारत, सिलीगुड़ी में जश्न

टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम भी कड़ी टक्कर देती नजर आई, लेकिन अंततः 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 7 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

मुकाबले का हर ओवर बेहद रोमांचक रहा। अंतिम ओवरों में जब इंग्लैंड की टीम जीत के करीब पहुंचती दिख रही थी, तभी भारतीय गेंदबाजों की संयमित और रणनीतिक गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया। दबाव के क्षणों में भारतीय खिलाड़ियों ने शांत दिमाग से खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही अब आगामी रविवार, 8 तारीख को फाइनल मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। विश्वकप की ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ अब पूरे देश की नजर इस महामुकाबले पर टिकी हुई है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि सेमीफाइनल की तरह फाइनल में भी टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेगी।

सेमीफाइनल में जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला और सिलीगुड़ी भी इससे अछूता नहीं रहा। शहर के वेनस मोड़ इलाके में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जमा हुए और पटाखे फोड़कर, तिरंगा लहराकर तथा नाच-गाकर खुशी का इजहार किया। देर रात तक “भारत माता की जय” के नारों से इलाका गूंजता रहा। हालांकि जश्न के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी गई। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और ट्रैफिक पुलिस भी सतर्क रही। शांतिपूर्ण तरीके से जश्न समाप्त हुआ और अब पूरा देश फाइनल में भारत के एक और ऐतिहासिक पल का इंतजार कर रहा है।

By Sonakshi Sarkar