श्रीलंका के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और राष्ट्रीय टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास की मौजूदगी में सिलीगुड़ी में 42वीं बाघाजतिन रोड रेस का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में करीब 1,500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस वर्ष स्कूली बच्चों के लिए विशेष रूप से 2 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें सौ से अधिक छोटे धावकों ने भाग लिया।
रेस शुरू होने से पहले प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए संगीत की धुन पर सामूहिक व्यायाम का आयोजन किया गया। इसके बाद हाशमी चौक से श्रीलंका के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चामिंडा वास, राज्य के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद दौड़ का समापन बाघाजतिन क्लब परिसर में हुआ। प्रतियोगिता में युवाओं और स्कूली बच्चों की भागीदारी विशेष आकर्षण रही।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष पहली बार बाघाजतिन रोड रेस में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि महालया के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता सिलीगुड़ी में काफी लोकप्रिय है। मंत्री ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
