ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी स्विगी की क्विक कॉमर्स इकाई इंस्टामार्ट ने संगठनात्मक पुनर्गठन के तहत करीब 340 कर्मचारियों की छंटनी की है। यह कदम कंपनी की पूर्व मिंत्रा सीईओ नंदिता सिन्हा के इंस्टामार्ट की कमान संभालने के कुछ महीनों बाद उठाया गया है। उन्होंने 3 अगस्त 2026 को अमितेश झा की जगह पदभार संभाला था। रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और सपोर्ट विभागों में की गई है। कंपनी अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल, नई कार्यप्रणाली और संगठनात्मक ढांचे में बदलाव के तहत यह पुनर्गठन कर रही है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब इंस्टामार्ट को ब्लिंकिट और अमेजन नाउ जैसी कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, सितंबर तिमाही में इंस्टामार्ट का समायोजित ईबीआईटीडीए घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछली तिमाही में 778 करोड़ रुपये था।
छंटनी के बीच इंस्टामार्ट अपने कारोबार को मजबूत करने के लिए नए उत्पादों और व्यावसायिक रणनीतियों पर भी काम कर रही है। कंपनी ने हाल ही में स्नैक्स और पेय पदार्थों के लिए ‘नॉइस’ (Noice) तथा ताजे फल और सब्जियों के लिए ‘नेक्टर’ (Nectr) नाम से अपने निजी ब्रांड लॉन्च किए हैं। स्विगी ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के मध्य से इन्वेंट्री आधारित कारोबारी मॉडल की ओर बढ़ने की योजना भी बनाई है, जिसे पूरा होने में दो से तीन तिमाहियों का समय लग सकता है। इस मॉडल के तहत कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर बेचे जाने वाले सामान के स्टॉक पर अधिक सीधा नियंत्रण रखेगी। वहीं, प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी की ओर से सेवरेंस पैकेज और अन्य निर्धारित लाभ दिए जाएंगे। कर्मचारियों के ईएसओपी (ESOP) वेस्टिंग की प्रक्रिया को उनके अंतिम कार्यदिवस तक तेज करने की भी बात कही गई है।
