सिलीगुड़ी के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक दार्जिलिंग मोड़ पर लंबे समय से जारी ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए रेल ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण का कार्य अब निर्णायक चरण में पहुँच गया है। गुरुवार देर रात से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) विस्तार के तहत रेलवे ट्रैक के ऊपर गार्डर बिछाने का महत्वपूर्ण काम शुरू कर दिया गया है। गार्डर बैठाने के काम के लिए रेलवे के सहयोग से ट्रैक पर 3 घंटे का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान रेलवे की बिजली आपूर्ति (Overhead Traction) भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
यह काम देर रात शुरू होकर रात के 2:00 बजे तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि ट्रेनों की आवाजाही पर कम से कम असर पड़े। परियोजना के तहत कुल 6 विशाल गार्डर बैठाए जाने हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि शुक्रवार रात तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। काम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की ट्रैफिक विंग तैनात रही। ट्रैफिक डीसीपी शम्सुद्दीन अहमद, दार्जिलिंग मोड़ ट्रैफिक इंस्पेक्टर रिदम साहा और बालासन ट्रैफिक ओसी गोविंद राय मौके पर मौजूद रहे। डीसीपी ने बताया कि आम जनता की सुरक्षा और वैकल्पिक रूटों के प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
एनएच के चीफ इंजीनियर (उत्तर) दीपक सिंह ने बताया:”रेलवे, बिजली विभाग और ट्रैफिक पुलिस के आपसी समन्वय से यह काम सुचारू रूप से चल रहा है। हमने तीन दिन का समय तय किया था, लेकिन काम की गति को देखते हुए उम्मीद है कि शुक्रवार रात तक गार्डर बैठाने का काम संपन्न हो जाएगा।”इंजीनियरों का मानना है कि इस ROB के तैयार होते ही दार्जिलिंग मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम तेज होगा। इससे पश्चिम बंगाल को बिहार और सिक्किम से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर लगने वाले घंटों के जाम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
