सिलीगुड़ी  में 294 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, एक युवक गिरफ्तार

नशे के विरुद्ध अपने निरंतर अभियान में सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। बागडोगरा थाने की सादे लिबास की पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के संयुक्त अभियान में 294 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भुट्टाबाड़ी इलाके के मुनि चाय बागान के पास NH-31 से सटे क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी।

इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से 294 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिपुल सिंह (26) के रूप में हुई है, जो मालदा का निवासी बताया जा रहा है। प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि वह बागडोगरा में मादक पदार्थों की तस्करी के उद्देश्य से आया था, लेकिन अपनी योजना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहे हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।इस बड़ी कामयाबी के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस की जमकर सराहना की है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इसी तरह सख्त कदम उठाकर बागडोगरा और सिलीगुड़ी को नशामुक्त रखने की दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।

By Sonakshi Sarkar