हालिशहर नगर पालिका के वार्ड नंबर 21 के अंतर्गत आने वाले नैहाटी जूट मिल रोड के ‘पक्का लाइन’ इलाके में आज बम मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से लगभग 12 ताजा बम बरामद किए हैं। चुनाव के बीच बमों की इतनी बड़ी खेप मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पक्का लाइन इलाके में संदिग्ध वस्तुएं छिपाई गई हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां से एक के बाद एक 12 जिंदा बम बरामद किए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया ताकि कोई आम नागरिक वहां न जा सके। सुरक्षा के लिहाज से आसपास की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। घटना की जानकारी बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) को दी गई। विशेषज्ञों ने मौके पर पहुँचकर बड़ी सावधानी के साथ सभी बमों को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस अब इन बमों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय (Diffuse) करने की प्रक्रिया में जुटी है। रिहायशी इलाके और जूट मिल के पास इतनी बड़ी संख्या में बम मिलने से स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये बम यहाँ किसने और किस उद्देश्य से जमा किए थे। चुनाव के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।
