लड़की को बचपन से थी बाल खाने की आदत, पेट से निकला 2 किलो बाल, देखकर हैरान रह गए डॉक्टर

132

भोजपुर जिले के आरा शहर में रविवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल की लड़की के पेट से करीब 2 किलो के बालों का गुच्छा निकला है। डॉक्टरों ने सफल सर्जरी करते हुए लड़की के पेट से बाल निकाले हैं। अभी भी लड़की अस्पताल में ही भर्ती है। उसका इलाज चलरहा है। हालांकि, सर्जरी के बाद से लड़की स्वस्थ है।

जिस लड़की का रविवार को ऑपरेशन हुआ है वह मूल रूप से बक्सर जिले की निवासी हैं। लड़की के पेट में तेज दर्द होने के बाद उसे आरा के अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच की तो उसके पेट में गठरी जैसा कुछ दिखाई दिया। जिसके बाद डॉक्टरों ने लड़की के पेट का ऑपरेशन कर बालों का एक गुच्छा बाहर निकाला, जिसका वजन करीब दो किलो है। बालों के गुच्छे को देख कर डॉक्टर से लेकर कर्मी तक हैरान हैं। डॉक्टर को भीसमझ में नहीं आ रहा था किस लड़की के पेट में इतने बाल कहां से आ गए।

बताया जाता हैं कि बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रहथुआ गांव निवासी मुन्ना सिंह की 14 साल की बेटी नेहा कुमारी करीब दो साल से पेट दर्द से परेशान थी। पेट के ऊपरी भाग में सूजन और दर्द की शिकायत रहती थी। सूजन दिनों दिन बढ़ती जा रही थी। भूख में कमी, वजन में कमी के साथ-साथ उल्टी की भी शिकायतें रहती थी।

इस बीच लड़की के परिवार वालों ने बेटी को लेकर आरा शहर के कतीरा स्थित कंचन शल्य निकेतन अस्पताल के डॉक्टर पी सिंह के यहां पहुंचे। जिसके बाद डॉक्टर ने खून की जांच और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी थी। जिसके बाद जांच में लड़की के पेट में बालों का गुच्छा पाया गया। इस दौरान चिकित्सक पी सिंह ने किशोरी के पेट का ऑपरेशन कर बालों के गुच्छे को बाहर निकाला।