रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना वायरस से निधन, दिल्ली के AIIMS में ली अंतिम सांस

121

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने 65 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। इस महीने की शुरुआत में 11 सितंबर को कोरोना संक्रमित होने के चलते उन्हें दिल्ली में एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्होंने अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी ट्विटर पर देते हुए कहा था कि पिछले कुछ दिनों में जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं वो अपने स्वास्थ पर नजर रखें और कोई भी लक्षण दिखने पर अपना टेस्ट कराएं।

बेलगाम सीट से लोकसभा सांसद थे अंगड़ी
सुरेश अंगड़ी बेलगाम सीट से लोकसभा सांसद थे। अंगड़ी कोरोना की वजह से मरने वाले कर्नाटक के दूसरे सांसद है। इससे पहले राज्यसभा सांसद अशोक गस्टी की पिछले दिनों कोरोना की वजह से मौत हो गई थी। सुरेश अंगड़ी का जन्म 1955 में चन्नबसप्पा और सोमवा के घर हुआ था। 1996 में बेलगाम बीजेपी के उपाध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। उन्हें सामाजिक सेवाओं की बदौलत जल्द ही प्रसिद्धि मिल गई।

उन्होंने 2004 से पहला लोकसभा चुनाव लड़ा। बेलगाम निर्वाचन क्षेत्र से उन्होंने 2009, 2014 और 2019 में भी लोक सभा चुनाव लड़ा। अपने राजनीतिक करियर के अलावा वह एक व्यवसायी, और एक शिक्षाविद् भी थे। वह बेलगाम में सुरेश अंगड़ी एजुकेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2009 में उन्होंने इसकी स्थापना की थी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पक्ष-विपक्ष के तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ”केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद श्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जन-सेवा के क्षेत्र की, विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ”श्री सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे, जिनकी प्रशंसा होती थी। उनका निधन दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।”