मुफ्त वैक्सीन के अपने वादे से पलट गई ममता : भाजपा

187

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक दिन पहले ही कहा है कि मुफ्त वैक्सीन देने में राज्य सरकार सक्षम नहीं है क्योंकि धनराशि नहीं है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा हमलावर हो गई है। राज्य इकाई के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने शुक्रवार को कहा कि ममता बनर्जी अब मुफ्त वैक्सीन देने के अपने वादे से पलटी मार रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ममता ने वादा किया था कि उनकी सरकार बनने के बाद राज्यभर के लोगों को फ्री में वैक्सीन दिया जाएगा। अब सरकार बनते ही बदल गई। दरअसल गुरुवार को मर्चेंट चेंबर के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य सरकार ने अब तक 1.44 करोड़ लोगों को वैक्सीन दिया है। सारे पैसे खर्च हो गए। उद्योगपतियों को मदद करनी चाहिए ताकि लोगों को वैक्सीन लग सके। इसे लेकर जयप्रकाश ने कहा कि 1.25 करोड़ वैक्सीन केंद्र ने दिया है जबकि बाकी 27 लाख राज्य ने खरीदा है। और इतनी कम वैक्सीन में ही दावा कर रही हैं कि सरकारी कोष में मौजूद धनराशि खत्म हो गई। यह पूरी तरह से वादाखिलाफी है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने सारी वैक्सीन मुफ्त में दी है। राज्य राज्य सरकार इसे लेकर झूठा दावा क्यों कर रही है? मजूमदार ने आरोप लगाया कि कोलकाता नगर निगम में वैक्सिंग के लिए 1200 रुपये चार्ज भी लिया जा रहा है जबकि ममता बनर्जी ने मुफ्त वैक्सीन का वादा किया था।