ममता के सांसद ने मां सीता के तुलना की हाथरस दुष्कर्म पीड़िता से, प्राथमिकी दर्ज

143

अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले ममता बनर्जी के सांसद कल्याण बनर्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इसकी वजह है कि उन्होंने माता सीता की तुलना हाथरस दुष्कर्म पीड़िता से की है। इसे लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सोमवार को मिली जानकारी के मुताबिक हावड़ा जिले के गोलाबारी थाने में कल्याण बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। हुगली जिले के श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता भी हैं। वह अपने विवादित बयानों की वजह से आलोचनाओं में घिरे रहते हैं। इसके पहले भी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर कई अमर्यादित टिप्पणियां की हैं। अभी हाल ही में कल्याण बनर्जी ने अपनी पार्टी के लिए एक सभा की थी जहां कहा था कि वानर के बदले रामचंद्र के चेलों ने सीता देवी का अपहरण किया होता तो उनकी अवस्था भी हाथरस कांड की दुष्कर्म पीड़िता के जैसी होती है। कल्याण बनर्जी के विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग उन पर हिंदू भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप लगातार लगा रहे हैं। अब उनके खिलाफ हुई प्राथमिकी की वजह से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसके अलावा उनके बयान की वजह से पार्टी पर एक बार फिर हिंदू विरोधी होने का आरोप लग रहा है।