ममता के पुराने सिपाही शोभन ने किया जबरदस्त प्रहार

100

विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राज्य के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के बाद सीएम के एक और पुराने सहयोगी और कोलकाता के दिग्गज नेता शोभन चटर्जी ने ममता बनर्जी पर सोमवार को कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस बात का खुलासा किया है कि ममता बनर्जी के कहने पर विधानसभा में उन्होंने आवास योजना से संबंधित गलत रिपोर्ट पेश की।
कोलकाता के पूर्व मेयर शोभन चटर्जी ने 2019 के अगस्त महीने में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी लेकिन उसके बाद से निष्क्रिय बने हुए थे। करीब डेढ़ महीने के इंतजार के बाद सोमवार को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोलकाता के गोलपार्क से सलीमपुर तक रैली निकाली। उनके साथ उनकी महिला मित्र बैसाखी बनर्जी भी थीं। दोनों को रैली से पहले प्रदेश भाजपा के हेस्टिंग्स दफ्तर में सम्मानित किया गया। यहां शोभन चटर्जी ने चुन चुन कर ममता बनर्जी पर हमला बोला।


भाजपा के इशारे पर बनी थी तृणमूल, ममता खुद को आईने में देखें
– उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी आज भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को बाहरी कहती हैं जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा के ही सिग्नल पर तृणमूल कांग्रेस का गठन हुआ था। उसी भाजपा के साथ रहकर ममता बनर्जी सरकार में शामिल रही हैं। आज अगर भाजपा नेताओं को बाहरी कहती हैं तो उन्हें खुद को आईने में देखना चाहिए।


ममता ने 25 लाख आवास निर्माण की गलत रिपोर्ट पेश करवाया
 – इसके अलावा शोभन चटर्जी ने यह भी खुलासा किया कि बंगाल में आवास योजना से संबंधित गलत रिपोर्ट उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कहने पर विधानसभा में पेश की थी।  उन्होंने कहा-मैं जब आवास मंत्री था और विधानसभा का सत्र चल रहा था, तब मुख्यमंत्री ने मुझसे विधानसभा में प्रश्नकाल के बंगाल में 25 लाख सरकारी आवास तैयार होने की बात कहने को कहा था। मैंने मुख्यमंत्री के निर्देश का पालन करते हुए ऐसा ही कहा था, उसी वक्त उन्होंने भरे सदन में मुझे पीछे से टोकते हुए कहा था कि 25 लाख नहीं, बल्कि 40 लाख सरकारी आवास का निर्माण कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने 10 मिनट पहले मुझसे जो कहने को कहा था, उससे वह खुद ही पलट गई थीं।
इस घटना के बाद मैंने आवास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। शोभन ने आगे कहा-‘तृणमूल की सियासी जमीन खिसक रही है। वह आरोपों से घिरती जा रही है। जब मैं तृणमूल में था, तब वहां ऐसी स्थिति नहीं थी।

कुणाल ने चिटफंड धंधा करवाकर तृणमूल को बर्बाद किया
 – शोभन ने तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष पर भी जमकर निशाना साधा।
शोभन ने कहा-‘कुणाल ने चिटफंड का धंधा करवाकर तृणमूल को बरबाद कर दिया। यह वही कुणाल हैं, जिन्होंने एक समय सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चिटफंड घोटाले का दोषी बताते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी।

 200 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपा
– चटर्जी ने सोमवार को ममता बनर्जी और उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने  कहा, “तृणमूल की सरकार ने अपना विश्वास खो दिया है। बंगाल के लोगों  को क्यों सुनना पड़ रहा है कि यह चोर की सरकार है। क्यों सरकार सीबीआई और ईडी के साथ सहयोग नहीं कर कर ही है? ईडी और सीबीआई से भयभीत क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने तय कर लिया है कि अब बंगाल में तृणमूल सरकार नहीं बनेगी। ममता बनर्जी के शासन में सोनार बांग्ला नहीं बना है, वरन सर्वनाश हुआ है। सोनार गोपाल ही आपका सर्वनाश किया है। उन्होंने कहा कि नवान्न की नेत्री भयभीत हैं। भतीजे भयभीत हैं। इसी कारण उन पर हमले हो रहे हैं। उनको निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा की सरकार बनेगी और 200 से अधिक सीटों पर भाजपा जीत हासिल कर सरकार बनाएगी।