बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को हार्टअटैक, अस्पताल में भर्ती, सीएम ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

105

 कोलकाता, 02 जनवरी। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को हार्ट अटैक आया है। उन्हें दक्षिण कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जल्द से जल्द सौरव गांगुली को स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, “सौरव गांगुली को हल्का हार्ट अटैक आया है। सुनकर दुख हुआ। मेरी प्रार्थना है कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएं। उनके परिजनों, दोस्तों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी प्रार्थनाएं हैं।’
 पारिवारिक सूत्रों ने बताया है कि शनिवार सुबह जिम करने गए थे जिसके बाद उन्हें सीने में दर्द होने लगा था। घर लौटने पर सिर घूमने लगा और गिर पड़े थे। उसके बाद उन्हें दक्षिण कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में ले जाकर भर्ती कर दिया गया है। अस्पताल की ओर से बताया गया है कि उनके पूरे बॉडी की स्कैनिंग की गई है। अन्य जांच भी की जा रही है। फिलहाल उनकी हालत को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया था जहां से वार्ड में लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही उन्होंने राजभवन कोलकाता में जाकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी। उसके बाद दूसरे दिन दिल्ली चले गए थे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे। भाजपा से बढ़ती नजदीकियों के बीच उनके राजनीति में आने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर प्रोजेक्ट कर सकती है। माकपा विधायक अशोक भट्टाचार्य ने उनसे मुलाकात की थी और राजनीति में नहीं आने की अपील की थी। क्रिकेट छोड़ने के बाद उन्होंने खुद को क्रिकेट बोर्ड के प्रशासक के तौर पर एक सफल व्यक्ति के तौर पर सिद्ध किया है। उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती ही गई हैं जिसकी वजह से शारीरिक स्थिति बिगड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।