बंगाल में बढ़ रही राजनीतिक हिंसा – कूचबिहार में भाजपा नेता का फंदे से लटकता शव बरामद

129

तृणमूल पर हत्या का आरोप, पार्टी ने किया ख़ारिज

 विधानसभा चुनाव ज्यों ज्यों नजदीक आ रहा है पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा बढ़ती जा रही है।  इस बीच विधानसभा चुनाव से दो सप्ताह पहले कूचबिहार के दिनहाटा में भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष अमित सरकार का फंदे से लटकता शव  बरामद किये जाने की घटना को लेकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया । बुधवार सुबह दिनहाटा शहर के डाकबंगलोपाड़ा में पशु अस्पताल के भीतर घर के बरामदे में भाजपा नेता का फंदे से लटकता शव बरामद किया गया।  भाजपा ने अमित सरकार की हत्या करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं ने इस घटना में तृणमूल नेताओं के जुड़े रहने का दावा किया है। इन नेताओं ने कहा भाजपा का जनाधार बढ़ता देख तृणमूल कांग्रेस बौखला गयी है। तृणमूल कांग्रेस किसी तरह भाजपा को रोक नहीं पा रही है।  इसलिय अब हत्या की राजनीति शुरू कर दी है। इधर भाजपा नेता का शव बरामद किये जाने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जाँच शुरू कर दी है। दूसरी ओर तृणमूल नेता उद्यान गुहा ने  तृणमूल के किसी भी रूप में इस घटना से जुड़े रहने के आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है।  आज सुबह एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ता आने के बाद  मौत के वास्तविक कारणों का पता  चल पायेगा यह हत्या है अथवा आत्महत्या। साथ ही उन्होंने भाजपा पर तृणमूल को इस घटना में घसीटकर राजनीतिक फायदा लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया।  उन्होंने पूरी घटना की सीआईडी जाँच कराने की मांग की।  साथ भी उन्होंने कहा भाजपा चाहे तो वे  किसी भी एजेंसी से घटना की जाँच करा सकती है।