बंगाल में फिर गिरा तापमान, ठंड बढ़ी

105

  पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिसकी वजह से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से बुधवार को जारी बयान में बताया गया है कि इस दिन राजधानी कोलकाता का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से चार डिग्री कम है। इसी तरह से न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से एक डिग्री कम है। एक दिन पहले ही न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब था। 24 घंटे के दौरान दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में कमी का सिलसिला स्थाई नहीं है। इसके जल्द ही बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम में बर्फीली हवाओं की वजह से पारा लुढ़का है जो अगले सप्ताह से एक बार फिर चढ़ सकता है।