बंगाल के तापमान में हल्की गिरावट लेकिन गर्मी से राहत नहीं

167

पश्चिम बंगाल में अप्रैल महीने के आखिरी में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में बताया गया है कि इस दिन राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से महज एक डिग्री ज्यादा है। अमूमन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रह रहा था जिसके कारण लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से बेहाल होना पड़ रहा था। हालांकि कोलकाता समेत राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई है लेकिन गर्मी से राहत नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि कोलकाता के आसमान में लगातार बादल छाए रहते हैं जिसके कारण गर्म हवाएं ऊपर नहीं उठ पा रही हैं और उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा है।