फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कहा : तंत्र-मंत्र के लिए मां ने बेटे को मारकर आग में भूना

101

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजधानी कोलकाता से सटे साल्ट लेक में एक महिला ने 25 साल के जवान बेटे की निर्मतता से हत्या कर शव को घी, कपूर और मसालों के साथ भुन दिया। 11 दिसंबर को हुई इस हत्या के मामले में बुधवार को फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपनी राय जाहिर की है। इसमें बताया गया है कि मां ने बेटे की हत्या करने के बाद उसे आग में भूना और हड्डियों को घर की छत पर फेंक दिया। पुलिस के अनुसार महिला ने तंत्र विद्या के चक्कर में इस घटना को अंजाम दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी महिला का नाम गीता माहेनसरिया है। उसका अपने पति अनिल के साथ विवाद चलता है। कई सालों से दोनों अलग रहते हैं। यह घटना उस वक्त प्रकाश में आई, जब कई दिनों तक बड़े बेटे अर्जुन (25) से संपर्क नहीं होने पर पिता अनिल ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

बिधाननगर ईस्ट थाने के पुलिसकर्मियों ने एजे ब्लॉक स्थित दो मंजिला मकान में एक पुरुष की आधी जली हड्डियों के अवशेष बरामद किए। आरोपी मां गीता और छोटे बेटे विदुर (22) को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया जा चुका है। दोनों पुलिस की हिरासत में हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था जो बुधवार को आ गया है। इसमें स्पष्ट कर दिया गया है कि उस घर में नियमित तौर पर तंत्र विद्या का पालन किया जाता था। घटनास्थल से एक बड़ी कड़ाही, जले मास्क बरामद हुए। खून से सना एक पत्थर भी मिला, जिससे हत्या को अंजाम दिया गया। जलाने के बाद बची हड्डी को तौलिए में लपेट कर छत तक लाया गया।

पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी गीता ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि जलने की बदबू को कम करने के लिए कपूर, घी, मसालों का इस्तेमाल किया गया। हत्या, षड्यंत्र, आपराधिक साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। कोर्ट ने आरोपियों के मानसिक स्वास्थ्य का चेकअप करने का आदेश दिया है। पुलिस ने हड्डियों के सैंपल को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा है।

पिता अनिल ने बताया, ‘मेरे बेटे अर्जुन को हार्ट और न्यूरो से संबंधित कुछ प्रॉब्लम थी। घर में किसी तरह की आर्थिक समस्या नहीं है। बड़ा घर, दो कार, जूलरी है। मेरा छोटा बेटा ऊटी में पढ़ता है। बेटी को भी बेहतर शिक्षा मिल रही है। बिजनस भी बढ़िया चल रहा है। पूरे परिवार को किसी तरह की आर्थिक समस्या नहीं है।’ उन्होंने अपनी पत्नी को इसके लिए दोषी ठहराते हुए कहा कि वह शुरुआत से ही तंत्र-मंत्र के चक्कर में रहती थी और इसीलिए बेटे को बलि चढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि पत्नी की इस तरह की हरकतों की वजह से ही उससे दूर रहते हैं।