निवेशकों के ₹2.7 लाख करोड़ स्वाहा!

भारतीय शेयर बाजारों मंगलवार 4 नवंबर को तेज गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 519 अंक टूटकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी गिरकर 25,600 के नीचे चला गया। कमजोर ग्लोबल संकेतों, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और दूसरी तिमाही के कमजोर नतीजों से शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर दबाव देखा गया। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों को लेकर मिलेजुले संकेत और भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर अनिश्चितता के चलते भी निवेशक सतर्क दिखाई दिए।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 519.34 अंक या 0.62% की गिरावट के साथ 83,459.15 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी इंडेक्स 165.70 अंक या 0.64% की गिरावट के साथ 25,597.65 पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 1% तक फिसल गए।

दिनभर के कारोबार में बाजार में लगातार बिकवाली का दबाव देखा गया, जिससे सूचकांक दिन के निचले स्तरों के पास ही सिमट गए। लगभग सभी सेक्टर्स लाल निशान में बंद हुए। आईटी, मेटल, बैंकिंग और ऑटो शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। हालांकि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने थोड़ी मजबूती दिखाई और यह हरे निशान में बंद होने वाला इकलौता मुख्य सेक्टोरल इंडेक्स रहा।

4,329 शेयरों में हुआ कारोबार

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,329 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,618 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,546 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 165 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 145 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 91 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

By Purbalee Dutta