नंदीग्राम संग्राम : ममता बनर्जी ने किया भाजपा नेता को फोन, मांगी मदद, ऑडियो वायरल

119

पश्चिम बंगाल में शनिवार को हो रहे पहले चरण के मतदान के दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें वह भारतीय जनता पार्टी के नेता को फोन पर मदद की अपील कर रही हैं। ट्विटर, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह ऑडियो तेजी से साझा किया जा रहा है। जिस नेता को ममता ने फोन किया है उनका नाम प्रलय पॉल है। वह नंदीग्राम के स्थानीय नेता हैं। ममता बनर्जी राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो हैं और राज्य की मुख्यमंत्री हैं। बावजूद इसके नंदीग्राम क्षेत्र के एक स्थानीय स्तर के भाजपा नेता को फोन कर मदद की अपील करने का उनका ऑडियो क्षेत्र में तृणमूल के खिलाफ माहौल का संकेत है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इतनी बड़ी शख्सियत होने के बावजूद ममता बनर्जी अगर एक लोकल नेता को फोन कर मदद मांगने के लिए मजबूर हैं तो इसका मतलब है कि क्षेत्र में वह कमजोर पड़ रही हैं और उनकी हार के चांसेस ज्यादा हैं।
भाजपा ने दावा किया है कि आवाज़ ममता बनर्जी की है हालांकि ये आवाज किसकी है, इसकी फ़िलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
कथित रूप से प्रलय पॉल को सीएम ममता बनर्जी ने फोन किया है और उनसे समर्थन मांगते सुनी जा सकती हैं। प्रलय पॉल ने दावा किया है कि ममता बनर्जी ने उनसे फोन पर कहा कि तुम्हारी डिमांड क्या है।
—–
फोन पर क्या बात हुई
फोन में प्रलय पॉल का यह कहते हुए सुना जा रहा है कि साल 2011 में आप सत्ता में आ रही हैं, यह हम समझ गए थे। हमने यज्ञ भी किया था, लेकिन दीदी खराब लगता है। लोकल लीडर जाने नहीं देता है।  उसे एक रेसिडेंस सर्टिफेकेट नहीं मिलता है। महादेव से मार खाना पड़ता है। इस पर कथित रूप से ममता बनर्जी की आवाज सुनाई देती है कि उस समय वह पूरा मामला नहीं देखती थीं।

नहीं करूंगा विश्वासघात
प्रलय पॉल कहते सुने जा रहे हैं कि दीदी अब पार्टी से आ गए हैं। किसी पार्टी से विश्वासघात नहीं करेंगे। प्राण देकर पार्टी के साथ रहेंगे। इस पर ममता बनर्जी कथित रूप से कहती सुनी जाती हैं कि आप जिसके साथ हैं वह बीजेपी के साथ नहीं थे। कभी बीजेपी नहीं किया था। अब वह कर रहे हैं। इस पर प्रलय पॉल कहते हैं कि मैं किसी के साथ विश्वासघात नहीं करूंगा। उस परिवार ने माकपा के अत्याचार से उनकी रक्षा की थी। आप इतनी बड़ी नेत्री होने के बावजूद फोन किया है। इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद है।