गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक की काफिले पर चली गोलियां व बमबारी

80

दिनहाटा के बुड़ीरहाट इलाके में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक की कार पर हमला करने और फायरिंग करने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक शनिवार दोपहर बुरिरहाट इलाके में अन्य घटना में घायल भाजपा कार्यकर्ता से मिलने जा रहे थे, तभी तृणमूल कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने काले झंडे दिखाकर उनका रास्ता रोक दिया।

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस विवाद में तृणमूल व भाजपा कार्यकर्ता आपस में भीर गये। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वहां बम विस्फोटों के साथ ही गोलियां भी चलाईं। इतना ही नहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक की कार पर भी पथराव किया गया। पत्थर लगने से निशीथ की कार क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर साहेबगंज थाने का भारी पुलिस बल लाया गया और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इसके बाद राज्य पुलिस और सीआईएसएफ के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। फिलहाल इलाका काफी तनावपूर्ण बना हुआ है।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। इस संदर्भ में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने कहा, ”दिनभर के उनके सभी कार्यक्रमों की सूचना पुलिस को पहले ही दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस के सामने उनकी कार पर हमले हो रहे थे। सब कुछ पुलिस के सामने हुआ। जहां पुलिस प्रशासन एक केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा नहीं कर सकता, वहां आम आदमी भी सुरक्षित नहीं है। राज्य में इस राजनीतिक स्थिति के कारण आज लोकतंत्र खतरे में है। जनता इसका जवाब देगी।’