आज ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं रुद्रनिल घोष

104

पश्चिम बंगाल के जन प्रिय अभिनेता रुद्रनिल घोष भी भारतीय जनता पार्टी का दामन थामेंगे। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी है। बताया गया है कि ममता कैबिनेट के पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी के साथ रुद्रनिल घोष भी एक ही विमान से दिल्ली जा रहे हैं। दोनों का दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का कार्यक्रम है। उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से वह भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में बयानबाजी कर रहे थे। यहां तक कि 23 जनवरी को नेताजी जयंती पर विक्टोरिया मेमोरियल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी पोस्ट किया था। भाजपा सूत्रों ने बताया है कि इसके पहले ममता का साथ छोड़कर भाजपा में आ चुके दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ रुद्रनिल ने बैठक भी कर ली है। सूत्रों ने बताया है कि दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात के बाद राजीव बनर्जी और रुद्रनिल घोष दोनों ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं।