अमित शाह ने बताया अगर भाजपा सत्ता में आई तो कोलकाता और सिलीगुड़ी बनेगी आर्थिक राजधानी

149

 भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में मीडिया से मुखातिब होकर राजधानी कोलकाता और उत्तर बंगाल के सबसे बड़े शहर सिलीगुड़ी को आर्थिक राजधानी के तौर पर विकसित करने का रोड मैप बताया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद किसानों को सीधे उनके बैंक खाते में 18000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक घर के कम से कम एक व्यक्ति को रोजगार देना सुनिश्चित किया जाएगा। कोलकाता के विकास के लिए विशेष घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा कि एक समय था जब कोलकाता की तुलना सिंगापुर से की जाती थी। भारतीय जनता पार्टी सरकार में आएगी तो शहर का विकास बड़े पैमाने पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलकत्ता सिटी ऑफ जॉय है और हमेशा रहेगा। साथ ही इसे सिटी आफ फ्यूचर यानी भविष्य के शहर के तौर पर विकसित किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार सत्ता में आने के बाद बंगाल में नोबेल प्राइज की तरह रवींद्रनाथ ठाकुर पुरस्कार और ऑस्कर सम्मान की तरह सत्यजीत राय पुरस्कार शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोलकाता को अपराध मुक्त करने के लिए महानगर की प्रत्येक गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शाह ने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद अगले पांच सालों में कोलकाता को देश की दूसरी आर्थिक राजधानी के तौर पर विकसित करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि कमेटी गठित कर इन तमाम योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए काम किया जाएगा।
शाह ने यह भी कहा कि कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज को फिर से शुरू किया जाएगा। मेट्रो, लोकल ट्रेन और सरकारी बस के लिए एक कार्ड जारी होगा। उन्होंने कहा कि आदि गंगा नदी का पुनः खनन किया जाएगा और शहर को साफ सुथरा रखने के लिए विशेष कदम उठाए जायेंगे।

 उन्होंने उत्तर बंगाल के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि कोलकाता से उत्तर बंगाल को जोड़ने के लिए 700 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा उत्तर बंगाल के सबसे बड़े शहर सिलीगुड़ी में मेट्रो तथा चाय पार्क शुरू किए जाएंगे।