बंगाल में पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, एक बार में छह डिग्री नीचे गिरेगा तापमान

125

पश्चिम बंगाल में 24 घंटे के अंदर कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाएगी। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय ने गुरुवार को बयान जारी कर इस बारे में जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि शुक्रवार रात से ही मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। शनिवार से मंगलवार के बीच राजधानी कोलकाता के साथ-साथ पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाएगी। राजधानी कोलकाता में तापमान 6 डिग्री नीचे गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। जिले में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहेगा। उत्तर बंगाल में तो 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच ही तापमान रह रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर और पश्चिमी भारत से ठंडी हवाएं पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेंगी जिसके कारण ठंड में बढ़ोतरी होने वाली है। इसके अलावा सूर्यास्त से सूर्योदय तक पूरे राज्य में कोहरे की धुंध छाई कहेगी इसके कारण दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो गई है।