बंगाल में चाय पर चर्चा के दौरान नड्डा ने कहा मई में बनेगी भाजपा सरकार

98

पश्चिम बंगाल में सत्ता फतह के लिए पुरजोर कोशिश कर रही भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने बंगाल को अपना मुख्य ठिकाना बना लिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को राज्य में दो परिवर्तन यात्राओं को हरी झंडी दिखाई थी और ममता पर तीखा प्रहार किया था। उसके बाद बुधवार को भी उन्होंने खड़गपुर में चाय पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान न केवल कार्यकर्ताओं को संबोधित किया बल्कि आम लोगों से भी मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मई में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गठन होना तय है।
बुधवार सुबह नड्डा ने खड़गपुर के हरियातारा ग्राम पंचायत में ‘चाय पर चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मौजूद रहे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए नड्डा ने ममता सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता बदलाव के लिए आतुर है और भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। मई में चुनाव के बाद बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और बंगाल विकास के नए रास्ते की ओर अग्रसर होगा। नड्डा ने कहा कि मां, माटी व मानुष की सरकार बंगाल के लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरी और 10 वर्षों के शासन में तृणमूल ने राज्य को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने एक बार फिर तृणमूल सरकार पर बंगाल की संस्कृति को नष्ट करने की भी आरोप लगाया।  नड्डा ने कहा कि महान विभूतियों की भूमि रहे बंगाल को ममता बनर्जी की सरकार ने हिंसा की पहचान वाली जगह के तौर पर तब्दील कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी इस छवि को बदलेगी।