परिवर्तन यात्रा रोके जाने से बिफरे गिरिराज सिंह ने किम जोंग से की ममता की तुलना

117

 पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा को रोके जाने से बिफरे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से की है। हालांकि गुरुवार को कोलकाता पहुंचे गिरिराज सिंह ने कोलकाता जोन की परिवर्तन यात्रा में हिस्सा लिया।  बारूईपुर में भाजपा नेत्री और अभिनेत्री रूपा गांगुली के साथ सिंह परिवर्तन रथ पर सवार थे। उन्होंने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और जमकर जय श्रीराम के नारे भी लगाए।हालांकि उसके पहले जब उनसे उत्तर 24 परगना में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा की अनुमति रद्द कर दिए जाने के बाद यात्रा को रोके जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया का तानाशाह किम जोंग भी इसी तरह से अपने विरोधियों को बर्दाश्त नहीं कर पाता है। उसी के जैसा बर्ताव ममता बनर्जी का है। इन्हें विरोधी बर्दाश्त नहीं होते। ममता की यह तानाशाही बहुत दिनों तक चलने वाली नहीं है। इस बार मई में पश्चिम बंगाल की जनता उनकी सरकार को उखाड़ फेंकेगी और भाजपा सरकार बनाएंगी। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा को रोके जाने और हमें डराने धमकाने से कोई लाभ होने वाला नहीं है।